ठूठीबारी

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राजाबारी के टोला रमजीता से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए दो माह के मासूम बालक विक्की को महराजगंज पुलिस ने देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राजाबारी के टोला रमजीता से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए दो माह के मासूम बालक विक्की को महराजगंज पुलिस ने देश की राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस और परिजनों के रोंगटे खड़े कर दिए—आरोपियों ने अंधविश्वास के फेर में मासूम की बलि देने की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस की त्वरित तत्परता से एक मासूम की जान बच गई और उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।
एसपी के निर्देशन में 5 टीमों ने महराजगंज से दिल्ली तक बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में ठूठीबारी पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की संयुक्त टीमें बच्चे की तलाश में दिन-रात जुटी हुई थीं। पुलिस ने आधुनिक सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक साक्ष्यों के सहारे कड़ियां जोड़ते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर अभियान चलाकर आरोपियों को दिल्ली में धर दबोचा।
100 से अधिक CCTV कैमरों ने खोला राज, बस चालक से मिला सुराग
घटना के अनुसार, बीते 3 नवंबर की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच रमजीता निवासी गोविंद राजभर के घर से उनका दुधमुंहा पुत्र विक्की बिस्तर से रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पड़ताल के दौरान राजाबारी पुल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में तड़के 3:57 बजे एक संदिग्ध महिला बच्चे को गोद में छुपाकर तेजी से ले जाती हुई दिखाई दी। पुलिस टीमों ने महराजगंज से लेकर गोरखपुर और दिल्ली रूट तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। रास्ते के एक बस चालक से हुई पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर महिला की सटीक लोकेशन दिल्ली में ट्रेस हुई।

कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर घेराबंदी, फोटो से हुई मासूम की शिनाख्त
सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने नई दिल्ली स्थित कश्मीरी गेट बस स्टैंड पर जाल बिछाया और संदिग्ध सावित्री तथा करण कुमार गौतम को बच्चे सहित रंगे हाथ पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने और बच्चे के संबंध में कोई वैध साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने वीडियो कॉल व फोटो के जरिए पिता गोविंद राजभर से बच्चे की पहचान कराई। पिता द्वारा अपने बेटे विक्की की पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने मासूम को सकुशल अपनी सुरक्षा में ले लिया। प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर सावित्री, सरस्वती और करण कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया।
मासूम को पाकर छलक पड़े परिजनों के आंसू
चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत पूरी तरह स्वस्थ पाए गए मासूम विक्की को जब पुलिस ने महराजगंज लाकर उसके माता-पिता की गोद में सौंपा, तो परिजनों के आंसू छलक पड़े। पूरे गांव और क्षेत्र में पुलिस की इस त्वरित, पेशेवर और मानवीय कार्रवाई की चौतरफा सराहना हो रही है। पुलिस तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर रही है।
#शाहजहांपुर जनपद के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत पुवायां रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखों व आतिशबाजी से भरी एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। https://t.co/krY7ImUTnI
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 7, 2026
















