महराजगंज: क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद, नाबालिग की लाठी से पिटाई और जातिसूचक गालियों का आरोप

महराजगंज

महराजगंज जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर में खेल-खेल में शुरू हुआ विवाद एक हिंसक घटना में बदल गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर में खेल-खेल में शुरू हुआ विवाद एक हिंसक घटना में बदल गया। खेल के मैदान में क्रिकेट खेल रहे 12 वर्षीय एक दलित बालक के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे अपमानित करने का भी आरोप लगा है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित बालक दिलीप गौतम की मां विमला देवी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, दिलीप गांव के पास नदी किनारे सार्वजनिक चारागाह भूमि पर अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गांव के ही मिथिलेश यादव से उसकी मामूली कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि इसके बाद कलमनाथ यादव नामक व्यक्ति लाठी लेकर पहुंचा और दिलीप को जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी से बुरी तरह पीट दिया।

पुलिस की कार्रवाई

इस हमले में नाबालिग को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। बरगदवा थाना अध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News24