खिरकवारी: श्रीराम प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर उमड़ा जनसैलाब, विधायक ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खिरकवारी में श्रीराम प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खिरकवारी में श्रीराम प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा में राम-जानकी और हनुमान जी की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

शोभायात्रा होलिका प्रांगण से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी। पूरे मार्ग में ‘जय श्रीराम’ के जयघोष और ढोल-नगाड़ों की थाप से वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक जगह-जगह पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। इस दौरान विधायक चंद्रपाल सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर ही सभ्य समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया।

शोभायात्रा का समापन मुख्य शिव मंदिर पर भव्य आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान, आयोजन समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम रहे और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न होने पर आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

 

Voice Of News 24