महराजगंज
महराजगंज जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्टेट बैंक के पास एक पिकअप चालक से नकदी और वाहन लूटे जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर स्टेट बैंक के पास एक पिकअप चालक से नकदी और वाहन लूटे जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित ने चार अज्ञात व्यक्तियों पर लूट का आरोप लगाया है, जबकि सूत्रों ने इस पूरे मामले के पीछे फाइनेंस कंपनी से जुड़े विवाद की आशंका जताई है।
लूट की कथित वारदात
बैरावा बनकटवा टोला (नौतनवा) निवासी पीड़ित वसीम अहमद पुत्र जमील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 29 अक्टूबर को अपनी पिकअप (UP 56 AT 3234) से सरिया लेकर मोहनापुर गया था। वहां व्यापारी आकाश ने उसे लगभग ₹99,500 नकद दिए, जिसे उसने गाड़ी के डैशबोर्ड में रख लिया।
लौटते समय लक्ष्मीपुर स्टेट बैंक के पास, अड्डा बाजार निवासी अशोक नामक व्यक्ति ने फोन कर उसे रुकने को कहा। वसीम का आरोप है कि कुछ देर बाद चार अज्ञात व्यक्ति आए, जिन्होंने उसे बीच में बैठाकर गाड़ी चलाना शुरू कर दिया। थोड़ी दूर एक सुनसान जगह पर ले जाकर उन्होंने वसीम को गाड़ी से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और नकदी समेत पिकअप लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे धमकी भी दी।
पुलिस जांच में जुटी, फाइनेंस विवाद की आशंका
सूचना मिलते ही पुरन्दरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वसीम ने थाने में लिखित तहरीर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की विभिन्न पहलुओं पर गहनता से पड़ताल चल रही है। पुलिस पीड़ित वसीम के दावे की सत्यता की भी जांच कर रही है ताकि लूट की सच्चाई स्पष्ट हो सके।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित पिकअप वाहन फाइनेंस कंपनी से किस्त पर लिया गया था और उसकी कुछ किस्तें बाकी थीं। सूत्रों का कहना है कि यह पूरा मामला किस्त बकाया से जुड़ा हो सकता है, और आशंका है कि वाहन को फाइनेंस कंपनी या उनसे जुड़े लोगों ने बीच रास्ते से उठा लिया हो। इस एंगल को लेकर भी पुलिस गहनता से जाँच कर रही है। थानाध्यक्ष मनोज राय से इस संबंध में संपर्क नहीं हो सका।
सिद्धार्थनगर: घर में काम करते वक्त करंट लगने से आशा बहू की मौत, दो साल पहले पति का हुआ था निधनhttps://t.co/BN9KzAEPlO
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 8, 2025























