महराजगंज:बेटे ने पहली पत्नी को छोड़ दूसरी शादी की, माँ ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरपाती तिवारी गाँव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के भिटौली थानाक्षेत्र के पिपरपाती तिवारी गाँव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक बेटे ने अपनी विधिवत विवाहित पत्नी और बेटी को छोड़कर दूसरी महिला से शादी कर ली और फरार हो गया। बेटे की इस करतूत से परेशान होकर उसकी अपनी माँ ने ही पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

माँ ने बेटे के खिलाफ दिया प्रार्थना पत्र

पिपरपाती तिवारी निवासी रबड़ी देवी पत्नी दुर्गेश ने अपने पुत्र पिंटू पुत्र दुर्गेश के खिलाफ भिटौली थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र दिया है। रबड़ी देवी का आरोप है कि उनके पुत्र पिंटू ने अपनी पहली पत्नी गुंजा को छोड़कर चौक थाना क्षेत्र के टोला निवियहवा निवासी एक अन्य महिला प्रतिमा के साथ अवैधानिक रूप से विवाह कर लिया है और वर्तमान में उसी के साथ रह रहा है।

रबड़ी देवी ने बताया कि पिंटू कई महीने पहले प्रतिमा को बिना परिवार की जानकारी के भगा ले गया था।

पहली पत्नी और बेटी हैं परेशान

पीड़िता की सास रबड़ी देवी के अनुसार, पिंटू की पहली पत्नी गुंजा से उसकी एक बेटी आराध्या भी है। आरोप है कि पिंटू ने अपनी बेटी को भी गुमराह कर रखा है, जिससे उसकी पहली पत्नी गुंजा मानसिक और सामाजिक रूप से अत्यधिक परेशान है।

रबड़ी देवी ने बताया कि गुंजा विवाह के बाद से ही ससुराल और समाज से न्याय की उम्मीद में दर-दर भटक रही है। पिंटू ने न तो अपनी पत्नी को कोई भरण-पोषण दिया है और न ही उससे कोई संपर्क रखा है। परिवार ने इस बात पर जोर दिया है कि दूसरी शादी करना कानूनी अपराध है, इसके बावजूद पिंटू खुलेआम दूसरी महिला के साथ रह रहा है।

रबड़ी देवी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनकी पहली विवाहिता बहू गुंजा को न्याय दिलाया जाए और पिंटू के खिलाफ उचित एवं न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जाँच शुरू कर दी है।

 

Voice Of News 24