गोरखपुर

गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र में 19 नवंबर को हुए बहुचर्चित रविकेश गौतम हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में शामिल मास्टरमाइंड मनचली उर्फ सन्नी किन्नर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र में 19 नवंबर को हुए बहुचर्चित रविकेश गौतम हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में शामिल मास्टरमाइंड मनचली उर्फ सन्नी किन्नर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .32 बोर की पिस्टल, पांच कारतूस, चार मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक कार और एक बाइक बरामद की गई है। मुख्य शूटर शेरू उर्फ मित्रपाल अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दिनेश पुरी ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को बिजली किन्नर अपने पति रविकेश गौतम व अन्य साथियों के साथ ग्राम भैंसा बाजार से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान कलानी मोड़ के समीप कार सवार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में रविकेश गौतम की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि बिजली किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के संबंध में गगहा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गोला निवासी मनचली उर्फ सन्नी किन्नर और बिजली किन्नर के बीच इलाके के बंटवारे को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते मनचली ने बिजली किन्नर और उनके पति रविकेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने गगहा के सोनाईचा निवासी अजय शर्मा उर्फ दुर्गेश शर्मा के माध्यम से शूटर शेरू उर्फ मित्रपाल से संपर्क साधा और सुपारी देकर शूटरों को वारदात के लिए तैयार किया।
गगहा पुलिस और संयुक्त टीमों ने गुरुवार तड़के कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड मनचली उर्फ सन्नी किन्नर, अजय शर्मा, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महरुपुर निवासी धर्मप्रकाश उर्फ अंकित कुमार तथा मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना निवासी करन कुमार, दुर्गेश कुमार उर्फ लालू और सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि फरार शूटर शेरू उर्फ मित्रपाल और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाकर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इस हत्याकांड के सफल अनावरण में गगहा पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस सेल, स्वाट एसओजी और एंटीथेफ्ट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम में सर्विलांस सेल प्रभारी छोटेलाल, सुनील कुमार राय, राणा प्रताप सिंह, आशुतोष राय, उपनिरीक्षक रवि सिंह, नदीम खान, विकास सिंह तथा कांस्टेबल राजकुमार यादव, आनंद प्रधान व अफजल खान शामिल रहे।
मेरठ: काशी टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच विवाद, धक्का-मुक्की व अभद्रता का आरोप; आज टोल फ्री कराने पहुंचेंगे वकील
https://t.co/5uE9hvOSPn
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 26, 2026


















