फरेंदा में सपा का धर्मसंकट और 2027 की राजनीतिक बिसात,सुमित सैनी की कलम से

फरेंदा

उत्तर प्रदेश की 315-फरेंदा विधानसभा सीट पर 2027 के चुनावी समर की तपिश अभी से महसूस की जाने लगी है। महराजगंज जनपद की इस संवेदनशील सीट पर असली खींचतान केवल मुख्य विरोधी दलों के बीच ही नहीं, बल्कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर भी आकार ले रही है। सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न समाजवादी पार्टी के पाले से उभर रहा है। क्या सपा फरेंदा में अपने कैडर से किसी निर्विवाद और सर्वमान्य चेहरे को उतार पाएगी, या फिर उसके कार्यकर्ताओं की नियति एक बार फिर गठबंधन धर्म के नाम पर कांग्रेस का झंडा ढोने की ही रहेगी?

 

सपा के सामने ‘चेहरे’ की चुनौती और 2022 का सबक

 

फरेंदा में समाजवादी पार्टी की मौजूदा स्थिति किसी भारी दुविधा से कम नहीं है। स्थानीय स्तर पर अमित चौबे, रामप्रकाश सिंह और पूर्व प्रत्याशी विनोद तिवारी जैसे नाम कार्यकर्ताओं की जुबान पर जरूर रहते हैं, लेकिन राजनीतिक यथार्थ यही है कि पार्टी के पास फिलहाल ऐसा कोई ‘प्रबल दावेदार’ नजर नहीं आ रहा जो सिटिंग विधायक के राजनीतिक रसूख के सामने खुद को स्वाभाविक विकल्प के रूप में पेश कर सके।

 

यह संकट नया नहीं है। वर्ष 2022 के चुनाव में जब सपा शीर्ष नेतृत्व ने स्थानीय दावों को नजरअंदाज कर बाहरी प्रत्याशी शंखलाल मांझी पर दांव लगाया, तो कैडर की नाराजगी और जमीनी तालमेल की कमी ने पार्टी को चौथे स्थान पर धकेल दिया। वह करारी हार आज भी सपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस बनकर दर्ज है।

 

गठबंधन धर्म का दबाव और ‘कैडर’ का सब्र

 

यदि 2027 में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक साथ चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो राजनीतिक औचित्य यही कहता है कि सिटिंग कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी का दावा सबसे स्वाभाविक और अटूट रहेगा। लेकिन इस रणनीतिक मजबूरी के पीछे एक बड़ा नैतिक और सांगठनिक सवाल भी खड़ा होता है—जो कार्यकर्ता पिछले एक-डेढ़ दशक से जमीन पर लाल टोपी पहनकर और पार्टी का झंडा उठाकर संघर्ष कर रहे हैं, क्या उनका काम हर चुनाव में सिर्फ सहयोगी दलों के लिए वोट मांगना ही रह जाएगा?

 

जमीनी कैडर की यह अनदेखी किसी भी राजनीतिक संगठन के दीर्घकालिक स्वास्थ्य के लिए जोखिमभरी साबित हो सकती है।

 

अमरमणि की एंट्री से पेचीदा हुआ सियासी समीकरण

 

फरेंदा का यह उलझा हुआ गणित तब और अधिक बहुकोणीय और चुनौतीपूर्ण हो गया, जब पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने सार्वजनिक रूप से इस सीट से 2027 का चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। हालांकि अमरमणि ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे किस दल के सिंबल पर उतरेंगे या निर्दलीय ताल ठोकेंगे, लेकिन उनकी एंट्री ने फरेंदा की पूरी चुनावी बिसात को हिलाकर रख दिया है।

 

ऐतिहासिक रूप से, पूर्व मंत्री श्याम नारायण तिवारी के दौर और 2015 के उपचुनाव में विनोद तिवारी की जीत के चलते फरेंदा में सपा का अपना एक मजबूत पारंपरिक आधार रहा है। परंतु, वर्तमान में सपा के भीतर स्पष्ट स्थानीय नेतृत्व का अभाव और दूसरी तरफ अमरमणि त्रिपाठी जैसी चर्चित शख्सियत की सीधी चुनौती ने इस मुकाबले को बेहद कड़ा और अनिश्चित बना दिया है।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.