भारतीय स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोर्ट पर एक बार फिर तिरंगा लहराते हुए नया इतिहास रच दिया है।।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


जापान में आयोजित प्रतिष्ठित ‘कुमामोटो मास्टर्स जापान ओपन’ (सुपर 500) के फाइनल में लक्ष्य ने शानदार वापसी करते हुए मेजबान देश के खिलाड़ी कोकी वातानाबे को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही लक्ष्य इस टूर्नामेंट का पुरुष सिंगल्स खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
पिछड़ने के बाद किया दमदार पलटवार
64 मिनट तक चले इस रोमांचक खिताबी मुकाबले में लक्ष्य की शुरुआत धीमी रही। घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच खेल रहे वातानाबे ने पहले गेम में आक्रामक खेल दिखाते हुए 21-13 से बढ़त बना ली। हालांकि, दूसरे गेम में लक्ष्य ने अपनी रणनीति बदली और अपने दमदार क्रॉस-कोर्ट स्मैश व मजबूत डिफेंस के दम पर जापानी खिलाड़ी को गलतियां करने पर मजबूर कर दिया। लक्ष्य ने यह गेम 21-18 से जीतकर मुकाबले में 1-1 की बराबरी कर ली।
निर्णायक गेम में दिखाई चैंपियन वाली क्लास
तीसरे और निर्णायक गेम में लक्ष्य पूरी तरह से हावी नजर आए। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाते हुए इंटरवल तक 11-7 की मजबूत बढ़त बना ली। इसके बाद वातानाबे थकान के कारण दबाव में आ गए और शटल को कोर्ट के अंदर रखने में चूकने लगे। लक्ष्य ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए 21-14 से तीसरा गेम और खिताब दोनों अपने नाम कर लिए।
लगातार दूसरे खिताब के साथ वर्ल्ड टूर फाइनल्स की दावेदारी मजबूत
लक्ष्य सेन की यह जीत उनके शानदार फॉर्म को दर्शाती है, क्योंकि इससे ठीक पहले उन्होंने जर्मनी में जोनाथन क्रिस्टी को हराकर ‘हाइलो ओपन’ का खिताब भी जीता था। इससे पहले सेमीफाइनल में लक्ष्य ने दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को 21-12, 15-21, 21-11 से मात देकर बड़ा उलटफेर किया था।
इस खिताबी जीत के साथ लक्ष्य को 9,200 महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक मिले हैं, जिससे सीजन के अंत में होने वाले ‘बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स’ (टॉप-8) के लिए उनकी दावेदारी बेहद मजबूत हो गई है। टूर्नामेंट से पहले वह 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर थे। अभी हांगकांग ओपन और सैयद मोदी इंटरनेशनल जैसे टूर्नामेंट बाकी हैं।
अब आगामी हांगकांग ओपन और सैयद मोदी इंटरनेशनल में बेहतर प्रदर्शन कर उनके पास टॉप-8 में अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा अवसर है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026



















