अयोध्या दीपोत्सव: अमित शाह का दौरा निरस्त, उपराष्ट्रपति के आने की संभावना; 56 घाटों पर सजेंगे 30 लाख दीप

अयोध्या

रामनगरी अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले 10वें भव्य दीपोत्सव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

रामनगरी अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले 10वें भव्य दीपोत्सव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित अयोध्या दौरा निरस्त हो गया है। पहले उनके इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने की चर्चा थी और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां भी की जा रही थीं। अब उनके स्थान पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के मुख्य अतिथि के रूप में दीपोत्सव में शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

अयोध्या के भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने गृह मंत्री का कार्यक्रम रद्द होने और उपराष्ट्रपति के आगमन की जानकारी साझा की है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की भव्य तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया था।

रामायण प्रसंगों और 13 थीमेटिक द्वारों से सजेगी धर्मनगरी

इस वर्ष दीपोत्सव को लेकर रामनगरी का कायाकल्प बेहद खास अंदाज में किया जा रहा है। मुख्य प्रवेश मार्गों से लेकर राम की पैड़ी तक रामायण के विभिन्न प्रसंग जीवंत दिखाई देंगे। इसके लिए हाईवे पर 3 और राम की पैड़ी क्षेत्र में 10 सहित कुल 13 थीमेटिक प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं, जिन पर रामायण की पावन चौपाइयां अंकित होंगी।

इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 20 विशेष सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। इन सेल्फी प्वाइंट्स पर धनुष भंग, राम-सीता विवाह, शबरी प्रसंग, भरत मिलाप, निषादराज मिलन और जटायु प्रसंग की सुंदर कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी। साथ ही वीर हनुमान की बाल व भक्ति लीलाएं भी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी।

56 घाटों पर 30 लाख दीपकों की सजावट शुरू

इस बार सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख दीपक प्रज्ज्वलित कर नया विश्व कीर्तिमान रचने की तैयारी है। बुधवार से घाटों पर दीयों को बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है, जिसे 6 नवंबर की शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। 7 नवंबर को इनमें तेल और बाती लगाकर भव्य दीपोत्सव संपन्न होगा।

डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्वयंसेवकों की तैनाती और उनके आवागमन के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बुधवार सुबह 8 बजे से ही विश्वविद्यालय परिसर से 25 बसों के जरिए निर्धारित रूटों पर स्वयंसेवकों को संबंधित घाटों के लिए रवाना किया गया।

पहली बार मशालों से उकेरी जाएगी भगवान राम की दिव्य आकृति

10वें दीपोत्सव में दर्शकों को एक अनूठा दृश्य भी देखने को मिलेगा। अब तक घाटों पर दीपकों की मदद से भगवान राम की आकृति बनाई जाती थी, लेकिन इस बार विद्यार्थी विशेष मशालों की सहायता से भगवान श्री राम की भव्य आकृति तैयार करेंगे। लाखों झिलमिलाते दीपों के बीच यह मशाल दृश्य दीपोत्सव को और अधिक आलौकिक और अविस्मरणीय बनाएगा।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.

The specified slider does not exist.