बलिया

उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार के नेतृत्व में 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक चले तीन दिवसीय सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 500 से अधिक वाहनों की गहन जांच की गई।
बिहार से यूपी की सीमा में आने वाले वाहनों पर रही विशेष नजर
इस विशेष अभियान के दौरान खनन विभाग की प्रवर्तन टीम ने मुख्य रूप से बिहार राज्य से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाले उप-खनिज परिवहन वाहनों को रडार पर लिया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी वाहन बिना वैध अंतरराज्यीय परिवहन प्रपत्र के खनिज का परिवहन न कर सके।
60 वाहनों पर हुई कठोर कार्रवाई
जांच के दौरान बिना वैध आईएसटीपी प्रपत्रों के मौरंग, गिट्टी और अन्य उप-खनिजों का अवैध परिवहन करते पाए गए कुल 60 वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहनों पर कुल 30 लाख 51 हजार 760 रुपये का भारी-भरकम अर्थदंड लगाया गया, जिसे विभागीय टीम द्वारा मौके पर ही वसूल कर लिया गया।
प्रशासन की दो टूक नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला खनन अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर बिना वैध आईएसटीपी और आवश्यक दस्तावेजों के उप-खनिजों का परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित और अवैध है। इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध खनन और बिना प्रपत्रों के खनिज परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह के औचक और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
प्रशासन की इस कठोर कार्रवाई से खनिज माफियाओं और अवैध परिवहनकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। इसे राजस्व सुरक्षा और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक बेहद अहम कदम माना जा रहा है।
मऊ: आलू की खेती के लिए उद्यान विभाग दे रहा है 10 हजार तक अनुदान; ऐसे उठाएं योजनाओं का लाभ
https://t.co/cGE09QvKyT
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 9, 2026












