सिद्धार्थनगर: बढ़नी के मोहम्मद अरमान ने SSC JE परीक्षा में लहराया परचम, BRO में बने जूनियर इंजीनियर,अखिल भारतीय स्तर पर हासिल की 923वीं रैंक, क्षेत्र में खुशी की लहर

बढ़नी

सिद्धार्थनगर जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत बढ़नी के एक होनहार युवक ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता का परचम लहराकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत बढ़नी के एक होनहार युवक ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता का परचम लहराकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। कस्बे के रहने वाले मोहम्मद अरमान ने कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित जूनियर इंजीनियर (SSC JE) परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। उनका चयन देश की प्रतिष्ठित ‘सीमा सड़क संगठन’ (BRO) में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के पद पर हुआ है। अरमान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

पूर्व सभासद के पुत्र हैं अरमान, वाराणसी और लखनऊ से जुड़ा है सफर

प्राप्त विवरण के अनुसार, मोहम्मद अरमान नगर पंचायत बढ़नी के पूर्व सभासद मोहम्मद आलम के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा बढ़नी से ही पूरी की। बचपन से ही मेधावी रहे अरमान ने इसके बाद वाराणसी से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की डिग्री हासिल की। तकनीकी शिक्षा पूरी करने के बाद वे जूनियर इंजीनियर बनने का सपना लेकर नवाबों के शहर लखनऊ चले गए और वहाँ रहकर SSC JE की कठिन परीक्षा की तैयारी में पूरी शिद्दत से जुट गए।

दो बार 1-1 अंक से चूके, लेकिन 5 साल की तपस्या लाई रंग

अपनी सफलता के संघर्ष की कहानी साझा करते हुए मोहम्मद अरमान ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर 923वीं रैंक हासिल करने का यह सफर आसान नहीं था। उन्हें लगातार पांच वर्षों तक कड़ी मेहनत और कड़े मानसिक संघर्ष से गुजरना पड़ा।

अरमान ने बताया कि इससे पहले की परीक्षाओं में वे दो बार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से महज एक-एक अंक के मामूली अंतर से अंतिम चयन से वंचित रह गए थे। इस असफलता से वे निराश जरूर हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। पूरे आत्मविश्वास, नई रणनीति और दोगुनी लगन के साथ उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। उनकी यही कभी न हार मानने वाली जिद आखिरकार रंग लाई और उनका चयन सीधे सीमा सड़क संगठन (BRO) में सुनिश्चित हो गया। अरमान ने अपनी इस शानदार सफलता का मुख्य श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और पूरे परिवार के अटूट सहयोग को दिया है।

गणमान्य नागरिकों और राजनेताओं ने घर पहुंचकर दी बधाई

मोहम्मद अरमान की इस गौरवमयी सफलता पर क्षेत्र के तमाम राजनेताओं, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनके आवास पर पहुंचकर माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि,पूर्व ब्लॉक प्रमुख मस्सू भाई,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अकील अहमद उर्फ मुन्नू,पूर्व कोऑपरेटिव बैंक निदेशक नंदलाल आजाद

डॉ. हफीजुर्रहमान, मलिक मोहम्मद फजलुर्रहमान, अहमद रजा, मोहम्मद आकिब और मोहम्मद आमिर सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी और संभ्रांत नागरिक शामिल रहे। सभी ने अरमान की पीठ थपथपाते हुए उनके उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.