गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और ट्रक की भिड़ंत में युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

संभल

संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर किसौली गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे पर किसौली गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार और ट्रक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

वाराणसी घूमने जा रहे थे दोस्त, रास्ते में हुई अनहोनी
मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी वरुण चौहान, पीयूष सिंह, करन कुशवाह और सिद्धार्थ अपनी निजी स्कॉर्पियो कार में सवार होकर वाराणसी घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार गंगा एक्सप्रेसवे के प्वाइंट नंबर 123 के समीप पहुंची, तभी अचानक उनकी कार की आगे चल रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो कार के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे में तब्दील हो गई।

एक की मौके पर मौत, तीन जिला अस्पताल रेफर

इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार सिद्धार्थ निवासी सुजाबाद पदव, जिला वाराणसी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में मौजूद उनके तीन अन्य साथी वरुण चौहान, पीयूष सिंह और करन कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों की रफ्तार थम गई।

कार काटकर निकाले गए घायल, यूपीडा की टीम ने किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त कार के हिस्सों को काटकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद यूपीडा की ‘14449’ एम्बुलेंस सेवा की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल संभल रेफर कर दिया।

पुलिस ने मृतक सिद्धार्थ के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है और पुलिस मामले की वैधानिक जांच में जुट गई है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.