बिजनौर में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार टक्कर में 5 साल के मासूम की मौत, माता-पिता और बुआ गंभीर रूप से घायल

बिजनौर

बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिद्वार रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिद्वार रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक को रौंदने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी।

दवा दिलाने जा रहे परिवार के साथ घटी अनहोनी

मिली जानकारी के मुताबिक, मंडावर के चंदक क्षेत्र के ग्राम खुडाहेड़ी निवासी राहुल सिंह अपनी पत्नी काजल, बहन और पांच वर्षीय बेटे आदि को दवा दिलाने के लिए बाइक से चंदक जा रहे थे। जैसे ही वे चंदक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार चारों लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही देर में 5 साल के मासूम आदि ने दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद भड़की भीड़, कार में की तोड़फोड़

एक्सीडेंट के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया। राहगीरों ने आनन-फानन में तीनों गंभीर घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भिजवाया। वहीं, हादसे से आक्रोशित भीड़ ने मौके पर जमकर हंगामा किया और दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। लोग लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन करते रहे।

पुलिस ने शांत कराया मामला, विधिक कार्रवाई शुरू

सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही मंडावर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद शांत कराया और यातायात सुचारू रूप से बहाल करवाया। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और कार को कब्जे में लेकर मामले की विधिक व कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.