डिबाई में आगामी बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्द बनाए रखने की अपील

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के डिबाई कोतवाली परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर एक विशाल शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई कोतवाली परिसर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर एक विशाल शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीएम और क्षेत्राधिकारी डिबाई की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में क्षेत्र के धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों और संभ्रांत नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहार को पूर्ण शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। कोतवाल विशाल प्रताप सिंह और सभी चौकी इंचार्जों की मौजूदगी में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नमाज एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित स्थलों पर प्रशासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही संपन्न कराए जाएं।

कानून व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने गांवों के मुख्य चौराहों, मस्जिदों और मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

बैठक में मौजूद अरुण ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष खान साहब, महेंद्र प्रधान (खेड़िया), राजीव लोधी, जानू प्रधान (मखैना) और वीरेंद्र फौजी सहित सभी गणमान्य लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि डिबाई क्षेत्र हमेशा की तरह सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को कायम रखेगा। अंत में, पुलिस ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देने की अपील की।

 

Voice Of News 24