थानगांव
सीतापुर जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इसरौली से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सीतापुर जनपद के थानगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इसरौली से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ विदाई के विवाद और आपसी मनमुटाव के चलते एक पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी सो रही गर्भवती पत्नी की बांके से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद भी कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हत्याकांड और खुदकुशी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोते समय गर्भवती पत्नी पर किए ताबड़तोड़ वार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसरौली गांव के निवासी दीपक का अपनी पत्नी छाया के साथ विदाई की बात को लेकर काफी समय से गहरा विवाद चल रहा था। छाया लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। हाल ही में दोनों पक्षों के प्रबुद्ध जनों और परिजनों के बीच हुई पंचायत व सुलह-समझौते के बाद छाया अभी कुछ दिन पहले ही अपने ससुराल वापस लौटी थी।
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात दीपक के सिर पर खून सवार हो गया। उसने बिस्तर पर सो रही अपनी गर्भवती पत्नी छाया पर बांके से ताबड़तोड़ जानलेवा वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि छाया को संभलने का मौका तक नहीं मिला और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई। पत्नी की सांसें थमने के बाद, बदहवास आरोपी पति दीपक ने भी उसी कमरे में छत के कुंडे से फांसी का फंदा बनाया और उस पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मायके पक्ष का फूटा गुस्सा, ससुर-सास और ननद पर दहेज हत्या का केस दर्ज
बृहस्पतिवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों और ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा, जहाँ का नजारा देखकर उनकी रूह कांप गई। घटना की सूचना मिलते ही थानगांव थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का तकनीकी निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को फंदे व बिस्तर से उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
इस बीच, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका छाया के मायके पक्ष के लोग भी रोते-बिलखते गांव पहुंच गए। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही छाया को अतिरिक्त दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर मृतक पति दीपक, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या ( की सुसंगत व गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही है गहन जांच
सीतापुर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के तकनीकी कारणों और समय का सटीक पता चल सकेगा। चूंकि मामला संवेदनशील है और मायके पक्ष में भारी आक्रोश है, इसलिए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया है। नामजद किए गए अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
लखनऊ: 14 साल से अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार; डॉक्टर बन कर रहा था इलाज, फर्जी भारतीय पासपोर्ट व दस्तावेज बरामदhttps://t.co/yAZhVUqiZu
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 21, 2026






















