बिधूना: पूर्व सांसद सुब्रत पाठक का जोरदार स्वागत; कार छोड़ ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यक्रम स्थल, अजय अग्निहोत्री के भाजपा में आने की चर्चाओं से बढ़ी सियासी हलचल

बिधूना

औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद सुब्रत पाठक का बंगाल विजय के उपरांत बिधूना नगर में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद सुब्रत पाठक का बंगाल विजय के उपरांत बिधूना नगर में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा ऐतिहासिक स्वागत किया गया। बेला से शुरू हुआ स्वागत का यह सिलसिला नगर के विभिन्न चौराहों से होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा। इस दौरान पूर्व सांसद का सादगी भरा अंदाज और क्षेत्र के एक प्रमुख चेहरे का दलबदल पूरे बिधूना क्षेत्र में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।

ईंधन बचत के संदेश के साथ ई-रिक्शा से पहुंचे कार्यक्रम स्थल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की कम खपत करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए राष्ट्रव्यापी आग्रह को ध्यान में रखते हुए पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने भारी-भरकम गाड़ियों के काफिले को छोड़कर ‘ई-रिक्शा’ के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक का सफर तय किया।

ई-रिक्शा से सड़कों पर निकले पूर्व सांसद का नदी तिराहे पर डीसीडीएफ इटावा/औरैया के उपाध्यक्ष आशुतोष शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद भगत सिंह चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास विनीत सेंगर के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण

भगत सिंह चौराहे पर पहुंचने के बाद पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और महान क्रांतिकारी वीर योद्धा शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत समर्थकों का हुजूम भगत सिंह चौराहे से दुर्गा मंदिर होते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल ‘संत विवेकानंद’ पहुंचा।

अजय अग्निहोत्री के भाजपा में शामिल होने पर उठे राजनीतिक सवाल

संत विवेकानंद परिसर में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन अजय अग्निहोत्री द्वारा किया गया था। राजनैतिक गलियारों और सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक, अजय अग्निहोत्री अब समाजवादी पार्टी का साथ छोड़कर औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

हालांकि, इस दलबदल को लेकर बिधूना की स्थानीय राजनीति में तरह-तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं। चर्चा है कि कुछ महीने पहले तक अजय अग्निहोत्री समाजवादी पार्टी में सक्रिय थे और उनके विद्यालय में सपा के शीर्ष नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगी हुई हैं। अचानक हुए इस हृदय परिवर्तन और भाजपा में शामिल होने के बाद स्थानीय प्रबुद्ध वर्ग और जनता के बीच यह सवाल तैर रहा है कि आखिर बिधूना की राजनीति में यह क्या समीकरण चल रहा है? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सत्ता की आड़ में अपनी-अपनी राजनीतिक व सामाजिक रसूख  को बचाए और चलाए रखने के लिए नेताओं द्वारा इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जमीनी जनता कई बार खुद को गुमराह महसूस करती है।

कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी रिया शाक्य सहित कई दिग्गज रहे मौजूद

इस भव्य स्वागत समारोह और सांगठनिक कार्यक्रम के अवसर पर बिधूना विधानसभा से भाजपा की पूर्व विधायक उम्मीदवार रिया शाक्य, इटावा-औरैया जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के डायरेक्टर ठाकुर अभय सेंगर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल शुक्ला और रमेश चंद्र अग्निहोत्री सहित भारी संख्या में भाजपा के क्षेत्रीय पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24