खेकड़ा
बागपत जनपद के थाना खेकड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हसनपुर मसूरी में संपत्ति के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

बागपत जनपद के थाना खेकड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हसनपुर मसूरी में संपत्ति के लालच में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी जेठ ने अपने ही छोटे भाई की विधवा पत्नी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। हालांकि, इस दुखद घटना के बीच ग्रामीणों ने जो एकजुटता और इंसानियत दिखाई, उसने सबका दिल जीत लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हसनपुर मसूरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर जयराम की शादी करीब दो साल पहले दिल्ली की रहने वाली अंकिता से हुई थी। दिसंबर 2025 में एक सड़क हादसे में जयराम की मौत के बाद अंकिता अपने ससुराल में ही रह रही थी। पति की मौत के बाद जेठ परविंदर मकान और जमीन में हिस्सेदारी को लेकर अंकिता पर लगातार दबाव बना रहा था। गुरुवार को यह विवाद इतना बढ़ा कि परविंदर ने तमंचे से दो गोलियां मारकर अंकिता को मौत के घाट उतार दिया।
कातिल जेठ खुद पहुँचा कोतवाली
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जेठ परविंदर ने खुद कोतवाली पहुँचकर अपना जुर्म कुबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। खेकड़ा सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस घटना का सबसे कारुणिक पहलू अंकिता की अंतिम विदाई के समय सामने आया। अंकिता के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। दिल्ली के बुराड़ी में रहने वाले जिस रिश्तेदार ने उसकी शादी कराई थी, उसने भी इस मुश्किल वक्त में मुँह फेर लिया और अंतिम संस्कार में नहीं पहुँचा। मायके पक्ष से किसी के न आने पर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई कुलजीत सिंह ने स्वयं वादी बनकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब अंकिता का शव गांव पहुँचा, तो हर आँख नम थी। अपनों की बेरुखी देख पूरे गांव ने मायके और ससुराल का फर्ज निभाया। ग्रामीणों ने मिलकर न केवल अर्थी को कांधा दिया, बल्कि पूरे विधि-विधान के साथ अंकिता का अंतिम संस्कार कर मानवता की एक मिसाल पेश की।
वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 स्पेशल एपिसोड : आपके जीवन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों का सटीक विश्लेषण। पंडित अजय कुमार पाण्डेय के साथ जानें कैसा रहेगा आज का दिन? pic.twitter.com/GvrGV2m8Lw
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 27, 2026























