बागापार/सिंदुरिया
महराजगंज जनपद के मिठौरा क्षेत्र के सिंदुरिया में गुरुवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे इलाके को आध्यात्मिक रंग में सरोबोर कर दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के मिठौरा क्षेत्र के सिंदुरिया में गुरुवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे इलाके को आध्यात्मिक रंग में सरोबोर कर दिया। आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी के साथ निकली इस यात्रा में आस्था, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
गायत्री प्रज्ञा पीठ से हुआ भव्य शुभारंभ
शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ सिंदुरिया स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। यहाँ से शुरू होकर यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहाँ ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया। पूरी यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और धार्मिक नारों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आकर्षक झांकियां रहीं केंद्र बिंदु
यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित जीवंत झांकियां रहीं। आदर्श इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत इन झांकियों को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। झांकियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश प्रसारित किया गया।
नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ना उद्देश्य: जिला समन्वयक
गायत्री परिवार के जिला समन्वयक मंगरू प्रसाद गुप्ता ने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को अपनी गौरवशाली संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराना नितांत आवश्यक है, ताकि वे नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकें।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरे मार्ग में शांति व्यवस्था बनाए रखी और यातायात को सुचारु रूप से नियंत्रित किया, जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मिठौरा रामहरख गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक कृष्णगोपाल विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान पतरेगवा श्यामानंद, राजभवन मौर्या, रामज्ञा, मुख्य आरक्षी मनीष सिंह, राजेश यादव, कृष्ण कुमार मौर्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चैत्र नवरात्रि स्पेशल : जानें कौन-कौन सी नौ देवियों की होती है पूजा? इस रिपोर्ट में पढ़ें चैत्र नवरात्रि पर कलश स्थापना का कब है शुभ मुहूर्त?https://t.co/DEZC0E07Kf
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 19, 2026


















