औरैया: शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने रौंदा; एक की मौत, दो गंभीर

औरैया

औरैया जनपद के खानपुर गांव के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के खानपुर गांव के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

रिश्तेदारी से लौटते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान जालौन जिले के सनगढ़ निवासी संजू निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजू अपने दो साथियों के साथ औरैया में एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार देर रात करीब 2 बजे जब तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी आंबेडकर नगर चौराहे के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हेलमेट न पहनना पड़ा भारी

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक सवार तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण संजू ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

प्रभारी कोतवाल सत्यप्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। तहरीर मिलते ही मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Voice Of News24