महराजगंज: मेडिकल स्टोर पर गलत इंजेक्शन से महिला की मौत! परिजनों का भारी हंगामा, दुकान सील

महराजगंज

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के कटहरी बाजार में मंगलवार को एक मेडिकल स्टोर पर उपचार के दौरान महिला की मृत्यु का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के कटहरी बाजार में मंगलवार को एक मेडिकल स्टोर पर उपचार के दौरान महिला की मृत्यु का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनटों बाद महिला ने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल स्टोर पर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने दुकान को सील कर दिया है।

बुखार का इलाज कराने पहुंची थी महिला

जानकारी के अनुसार, ग्राम शीतलापुर की निवासी सुभावती श्रीवास्तव (55 वर्ष) अपने मायके आई हुई थीं। मंगलवार सुबह उन्हें बुखार और ब्लड प्रेशर की शिकायत होने पर उनकी भाभी उन्हें कटहरी खुर्द स्थित एक स्थानीय मेडिकल स्टोर पर ले गईं। परिजनों का आरोप है कि स्टोर संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद सुभावती की हालत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अवैध क्लीनिकों पर उठे सवाल

थाना प्रभारी ने बताया कि अभी पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर का इंतजार है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बिना लाइसेंस और विशेषज्ञता के चल रहे मेडिकल स्टोरों पर हो रहे ‘झोलाछाप’ इलाज और उससे जुड़े जोखिमों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Voice Of News24