बुलंदशहर: दानपुर ब्लॉक के सबलपुर गांव में गंदगी का अंबार, संक्रामक बीमारियों का खतरा

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत भीमपुर के ग्राम सबलपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत भीमपुर के ग्राम सबलपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। गांव की गलियों और मुख्य रास्तों पर लगे कूड़े के ढेरों ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। आलम यह है कि गंदगी से उठने वाली बदबू के कारण लोगों को रास्तों से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियमित सफाई न होने के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय बना हुआ है। गंदगी की सबसे ज्यादा मार बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रही है। ग्रामीण विशाल कुमार, सुमित कुमार, धर्मेंद्र कुमार और रविंद्र कुमार ने बताया कि गांव की प्रधान श्रीमती श्रीदेवी गांव से बाहर रहती हैं, जिसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है। प्रधान की अनुपस्थिति के चलते सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाला कोई नहीं है।

सचिव ने दिया सफाई का आश्वासन

इस गंभीर समस्या को लेकर जब ग्राम पंचायत सचिव सुनील कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए जल्द ही पूरे गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेरों को जल्द हटवाकर स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन का यह आश्वासन जमीन पर कब तक उतरता है और सबलपुर के ग्रामीणों को इस नरकीय स्थिति से कब निजात मिलती है।

 

 

Voice Of News 24