बलरामपुर: औद्योगिक क्रांति को रफ्तार देने की तैयारी, 5.5 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण की उठी मांग

बलरामपुर

बलरामपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के लिए सदर विधायक व पूर्व राज्य मंत्री पल्टूराम ने एक बड़ी पहल की है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने और ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के लिए सदर विधायक व पूर्व राज्य मंत्री पल्टूराम ने एक बड़ी पहल की है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर पीडब्ल्यूडी मार्ग से बाबा श्यामजी उद्योग लिमिटेड राइस मिल तक जाने वाले मार्ग को ‘अन्य जिला मार्ग’ घोषित कर इसके सुदृढ़ीकरण की मांग की है।

‘इन्वेस्ट यूपी’ के तहत स्थापित हुई है इकाई

विधायक पल्टूराम ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा बीरहिया में ‘इन्वेस्ट यूपी’ योजना और उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति 2023 के तहत बाबा श्यामजी उद्योग लिमिटेड की स्थापना की गई है। इस बड़ी औद्योगिक इकाई का भव्य शुभारंभ आगामी 2 फरवरी 2025 को वसंत पंचमी के पावन अवसर पर होना सुनिश्चित हुआ है।

वर्तमान सड़क की बदहाली और चुनौतियां

यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पीलीभीत-बस्ती राज्य मार्ग संख्या 26 से शुरू होकर जिला संयुक्त चिकित्सालय, मेड़ई, बीरहिया, और अमीरपुरवा होते हुए लखनऊ मार्ग को जोड़ता है। मार्ग की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है:

सीमित चौड़ाई: लगभग 5.5 किलोमीटर लंबा यह मार्ग वर्तमान में मात्र 3 मीटर चौड़ा है।

भारी दबाव: राइस मिल के कारण यहाँ प्रतिदिन 40 से 50 टन क्षमता वाले भारी ट्रकों का आवागमन होता है।

जर्जर हालत: भारी वाहनों के दबाव से सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे आए दिन जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं।

10 गांवों और मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

सड़क की जर्जर स्थिति का सीधा असर न केवल उद्योग पर, बल्कि क्षेत्रीय जनता पर भी पड़ रहा है।

क्षेत्र के लगभग 10 गांवों के लोग इसी मार्ग से जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुँचते हैं।

जर्जर सड़क के कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी कठिनाई होती है।

निदेशक ने भी मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

ग्राम बरहरहादी स्थित इकाई के निदेशक श्यामल केसरवानी ने भी मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सड़क चौड़ीकरण की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि”यह मिल प्रतिदिन 2000 कुंतल धान का प्रसंस्करण करती है और इसमें करीब 100 कर्मचारी कार्यरत हैं। बेहतर सड़क न होने से मिल के संचालन और श्रमिकों के आवागमन में बाधा आ रही है।”

विधायक की मांग: ‘अन्य जिला मार्ग’ का मिले दर्जा

सदर विधायक पल्टूराम ने पीब्ल्यूडी से आग्रह किया है कि इस मार्ग को ग्रामीण श्रेणी से हटाकर ‘अन्य जिला मार्ग’ घोषित किया जाए, ताकि इसका चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण मानक के अनुसार हो सके। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को अपनी उपज मिल तक पहुँचाने में आसानी होगी।

 

Voice Of News 24