महराजगंज
महराजगंज जनपद ठूठीबारी ग्राम सभा के टोला मर्चहवा में बुधवार की भोर उस समय मातम पसर गया जब एक साथ दो-दो दर्दनाक हादसों की खबर ने पूरे गाँव को झकझोर दिया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद ठूठीबारी ग्राम सभा के टोला मर्चहवा में बुधवार की भोर उस समय मातम पसर गया जब एक साथ दो-दो दर्दनाक हादसों की खबर ने पूरे गाँव को झकझोर दिया। पुणे में काम करते हुए मर्चहवा निवासी रामदुलारे उर्फ सरल यादव (42) पुत्र मोहनलाल यादव की मौत की खबर के बाद, उनके शव को लेकर लौट रही एंबुलेंस भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें मृतक का इकलौता बेटा और दो अन्य पट्टीदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रामदुलारे यादव पुणे की एक फैक्ट्री में हेल्पर थे। 4 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सुसुम जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ 10 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस खबर से परिवार सदमे में डूब गया।
मृतक का इकलौता बेटा गोपाल यादव अपने पट्टीदारों रामू यादव और शैलेश यादव के साथ पुणे गया और शव को एंबुलेंस से लेकर गाँव के लिए रवाना हुआ।
जबलपुर के पास हुआ भीषण हादसा
वापसी के दौरान, मध्यप्रदेश के जबलपुर के पास रास्ते में एंबुलेंस की एक टैंकर से भीषण भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भयावह थी कि टैंकर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।एंबुलेंस में सवार मृतक के बेटे गोपाल यादव, रामू यादव और शैलेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि रामदुलारे के शव को दूसरी एंबुलेंस से गाँव के लिए रवाना किया गया।बुधवार की भोर लगभग दो बजे जब एंबुलेंस मर्चहवा पहुँची, तो गाँव चीख-पुकार से गूँज उठा। पूरे गाँव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मिलनसार और मेहनती रामदुलारे का अंतिम संस्कार घोला नदी घाट पर किया गया।
रामदुलारे अपने पीछे चार बेटियाँ (जानकी, वनदेवी, अंजू, रिंकी) और एक बेटा (गोपाल) छोड़ गए हैं। अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी घायल इकलौते बेटे गोपाल पर आ गई है। दाह संस्कार के बाद, घायल तीनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।
सिद्धार्थनगर: पुलिस हिरासत में गंभीर रूप से घायल युवक कोमा में; 20 दिन से जारी इलाज में लाखों खर्चhttps://t.co/6WOGCEYMjx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 13, 2025





















