महराजगंज
महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल के ग्राम सभा चौपरिया में सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी भव्य रावण दहन।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल के ग्राम सभा चौपरिया में सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत इस वर्ष भी भव्य रावण दहन और मेला का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और सामूहिक सहयोग के साथ किया गया। ग्रामवासियों की आपसी एकता की मिसाल पेश करते हुए हुए इस ऐतिहासिक मेले में सुबह से ही जबरदस्त रौनक देखने को मिली।
जबरदस्त भीड़ और आकर्षण का केंद्र बने झूले
मेले में दूर-दराज से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें सजाईं। जलेबी, पेठा, चाट, फुलकी, चाउमीन, बर्गर जैसी खाने-पीने की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ती रही। वहीं, बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए लगाए गए झूले, ब्रेक डांस और मिनी जायंट व्हील लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने रहे।
रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम होते ही रावण दहन कार्यक्रम के शुरू होते ही हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान हुई भव्य आतिशबाजी ने आकाश को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा दिया। रावण दहन के बाद देर रात तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
अगले दिन होगा दंगल मुकाबला
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि परंपरा के अनुसार, अगले दिन दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें आसपास के गांवों के प्रसिद्ध पहलवान अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
भीड़भाड़ को देखते हुए श्यामदेउरवा थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। एसआई अंकित चौरसिया, एसआई शुभम चौबे, महिला एसआई सारिका सिंह अपनी टीम के साथ लगातार गश्त करती रहीं। पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
ग्राम चौपरिया के ग्रामीणों ने कहा कि यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि ग्राम एकता और परंपरा का प्रतीक भी है। ग्रामवासियों के सहयोग और उत्साह की बदौलत चौपरिया का यह ऐतिहासिक मेला एक बार फिर भव्यता, श्रद्धा और उल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आजमगढ़: 50 हजार का इनामी गो-तस्कर वाकिफ STF एनकाउंटर में ढेरhttps://t.co/dCV0IUEhQE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 7, 2025





















