भारत ने इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट मैच में 106 रनों से हराया ,सीरीज 1 – 1 बराबर

Voice Of News 24

06 Feb 2024 09 :46 PM

यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में इंलैण्ड को 106 रनों से हराया . इस तरह भारतीय टीम ने हैदराबाद में मिली हार का बदला लिया और पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर कर दी.

चौथे दिन बैजबॉल के दम पर 399 रनों के विशाल लक्ष्य को हासिल करने का दावा करने वाली इंलैण्ड टीम आखिरी पारी में 292 रनों पर ढेर हो गई. भारत के लिए गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन किया. बुमराह ने मैच में 9 विकेट झटके. वहीं बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक जड़ा तो शुभमन गिल ने शानदार सेंचुरी लगाई.

पहली पारी में हासिल की 143 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त

भारत ने बल्लेबाजी में काम कर लिया था और बारी थी गेंदबाजी की. 396 रन बनाने के बाद टीम इंडिया के लिए बड़ी बढ़त हासिल करना जरूरी था. ऐसे में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सटीक लाइन लेंथ पर गेंदबाजी की और इंग्लिश बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने पंजा खोला. उन्होंने 45 रन देकर 6 विकेट झटके. कुलदीप यादव का भी पहली पारी में बड़ा रोल रहा. कुलदीप ने तीन इंलैण्ड बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया.

पूरे मैच का हाल

भारतीय टीम ने पहली पारी में 396 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 253 रनों पर ऑलआउट हो गई. इस तरह टीम इंडिया ने 143 रनों की बढ़त हासिल की. इसके बाद रोहित की टीम ने दूसरी पारी में 255 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 399 रनों का लक्ष्य रखा. इसके जवाब में चौथे दिन मेहमान टीम 292 रनों पर ढेर हो गई. इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जैक क्रॉली ने 73, विकेटकीपर बेन फोक्स ने 36 और स्पिन ऑलराउंडर टॉम हार्टले ने 36 रनों की पारी खेली. हालांकि, वे लक्ष्य से 106 रन दूर रह गए और भारत ने हैदराबाद में मिली हार का बदला ले लिया.