महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के काजी पिपरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 22 वर्षीय विवाहिता अनुष्का चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के काजी पिपरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 22 वर्षीय विवाहिता अनुष्का चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सबसे दुखद पहलू यह है कि अनुष्का अपने पीछे महज तीन महीने की दूधमुंही बच्ची छोड़ गई हैं, जिसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।
जानकारी के मुताबिक, काजी पिपरा गांव निवासी पूनम और सियाराम की बेटी अनुष्का की शादी घुघली थाना क्षेत्र के हरपुर महंत निवासी सोनेलाल चौधरी के साथ हुई थी। वह पिछले करीब तीन महीने से अपने मायके में रह रही थीं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अनुष्का की मां पूनम किसी काम से घर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने कमरे में बेटी को फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अनुष्का को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटना से करीब एक घंटे पहले अनुष्का और उनके पति के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और फिलहाल इसे घटना का कारण नहीं माना जा सकता।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां की मौत के बाद तीन महीने की मासूम बच्ची के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। फिलहाल विवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
ठूठीबारी पुलिस ने 26 मुकदमों से जुड़ी 999 लीटर शराब का कराया विनष्टीकरण
https://t.co/t89AOv56CO
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 25, 2026


















