बुलंदशहर
जनपद बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचवटी कॉलोनी के पास से ग्राम उस्मापुर की ओर बह रहे रजवाहे बम्बे पर सुरक्षा दीवार बाउंड्री वॉल न होना स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

जनपद बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचवटी कॉलोनी के पास से ग्राम उस्मापुर की ओर बह रहे रजवाहे बम्बे पर सुरक्षा दीवार बाउंड्री वॉल न होना स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए पूर्व सैनिकों के प्रतिष्ठित संगठन ‘इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन’ ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने बुलंदशहर सिंचाई विभाग से भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए यहाँ जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार बनवाने की पुरजोर मांग की है।
दर्जनों शिक्षण संस्थान और उफान पर बहता रजवाहा बढ़ा रहा चिंता
इंडियन वेटरन ऑर्गेनाइजेशन के वरिष्ठ संरक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) जयराज शर्मा ने रजवाहे की भौगोलिक स्थिति और खतरों को रेखांकित करते हुए बताया कि वर्तमान में बरसात के मौसम के कारण यह रजवाहा पूरी तरह उफान पर है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि पंचवटी के आसपास दर्जनों छोटे-बड़े शिक्षण संस्थान संचालित होते हैं, जिसके चलते प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मासूम बच्चे इसी मार्ग से होकर स्कूल आते-जाते हैं। बच्चों के चंचल स्वभाव के कारण इस गहरे रजवाहे के पास कभी भी कोई अप्रिय घटना या बड़ा हादसा घट सकता है।
कर्नल शर्मा ने आगे कहा कि रजवाहे के बिल्कुल किनारे घनी आबादी बसी हुई है, जहां छोटे बच्चे अक्सर बिना परिजनों की देखरेख के भी घरों से बाहर निकल आते हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
‘मिनी बाईपास’ होने के कारण रहता है भारी ट्रैफिक, पहले भी हो चुके हैं हादसे
संगठन के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह रजवाहा मार्ग खुर्जा नगर के लिए एक तरह से ‘मिनी बाईपास’ के रूप में काम करता है। इस वजह से यहाँ से दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन काफी अधिक रहता है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा दीवार (बाउंड्री वॉल) न होने की वजह से पूर्व में भी यहाँ कई वाहन अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं और दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
IVO के पदाधिकारियों ने बुलंदशहर सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता और संबंधित उच्चाधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसी बड़ी जनहानि का इंतजार करने के बजाय विभाग को अति शीघ्र इस मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए।
मांग करने वालों में यह गणमान्य रहे उपस्थित
इस मौके पर जनहित की आवाज उठाने के लिए कर्नल (सेनि.) जयराज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राम लखन राघव, सूबेदार अमर सिंह, जितेंद्र सिंह, अजीत चौधरी, नायब सूबेदार अजयपाल, कुमरपाल सिंह, मदन फौजी, पवन फौजी और युग शर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी व स्थानीय गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
टूटती सड़क दे रही मौत को दावत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; ज्ञापन के बाद भी जिम्मेदार मौनhttps://t.co/wpu91ReqUL
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













