खेतासराय
जौनपुर जनपद के परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बहनों-भाइयों के सुनहरे भविष्य का सपना लेकर खाड़ी देश गए जौनपुर के एक 23 वर्षीय युवक की सऊदी अरब में भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई।

जौनपुर जनपद के परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बहनों-भाइयों के सुनहरे भविष्य का सपना लेकर खाड़ी देश गए जौनपुर के एक 23 वर्षीय युवक की सऊदी अरब में भीषण सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही जौनपुर जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र स्थित सोंगर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मालिक के साथ कुवैत से सऊदी अरब गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोंगर गांव निवासी मो. अहमद (23 वर्ष) पुत्र अल्ताफ लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में कुवैत गया था, जहाँ वह ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बताया जाता है कि वह अपने मालिक के साथ किसी आवश्यक कार्य से कुवैत से सऊदी अरब गया हुआ था। इसी दौरान उनकी कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार मालिक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें मो. अहमद भी शामिल थे।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े थे मो. अहमद
गांव के इश्तियाक अहमद ने बताया कि मो. अहमद दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में परिवार का पूरा आर्थिक बोझ और छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई की जिम्मेदारी मो. अहमद के ही कंधों पर थी। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
पार्थिव शरीर को वतन लाने की गुहार
ग्रामीणों के अनुसार, मो. अहमद बेहद मिलनसार और मेहनती स्वभाव के युवक थे। कम उम्र में ही परिवार की खुशहाली के लिए उन्होंने विदेश का रुख किया था। फिलहाल परिजन उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने भारत सरकार व विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि मो. अहमद के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द पैतृक गांव सोंगर लाने में मदद की जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार गृह जनपद में हो सके।
दानपुर के ग्राम दौराऊ में सार्वजनिक शौचालय बदहाल, ग्रामीणों ने बीडीओ से की शिकायत; जांच का आश्वासनhttps://t.co/EO4x2fc8RX
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













