बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक की न्याय पंचायत जिरौली के अंतर्गत ग्राम भीमगढ़ी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर पर मंगलवार को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भीमगढ़ी सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और भगवान हनुमान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे से पूर्व श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जहां देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
भंडारे के सफल आयोजन में रामवीर सिंह, मदनपाल सिंह, यशवीर सिंह, छगनलाल, राम प्रसाद, रामबाबू, महेश कुमार, रजनी मास्टरनी सहित अनेक ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। सभी ने प्रसाद वितरण, व्यवस्था संचालन और श्रद्धालुओं की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि भीमगढ़ी में यह विशाल भंडारा प्रत्येक वर्ष ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।













