महराजगंज
महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक अत्यंत गंभीर अवस्था में लहूलुहान मिला है। ट्रैक के पास युवक को तड़पता देख आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक अत्यंत गंभीर अवस्था में लहूलुहान मिला है। ट्रैक के पास युवक को तड़पता देख आस-पास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर तत्काल हरकत में आई बृजमनगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को कब्जे में लिया और आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार न होते देख और लगातार हालत बिगड़ती देख प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई थी और उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पहचान कराने के प्रयास में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, घायल युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। बृजमनगंज पुलिस अब आस-पास के थानों, सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक की शिनाख्त कराने का हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि युवक ट्रेन से गिरा है या किसी अन्य हादसे का शिकार हुआ है।
पुलिस ने की शिनाख्त की अपील
बृजमनगंज थाना पुलिस ने आम जनता और मीडिया के माध्यम से अपील की है कि यदि इस हुलिये या उम्र का कोई युवक किसी के आस-पास से लापता हो, या किसी को इसके संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तुरंत बृजमनगंज थाने को सूचित करे, ताकि घायल युवक की पहचान कर उसके परिजनों को समय रहते सूचना दी जा सके।
भीषण गर्मी का कहर: महराजगंज में बम की तरह फटा बिजली का ट्रांसफार्मर, बाल-बाल बचे ग्रामीण pic.twitter.com/lALhaluB11
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 29, 2026












