महराजगंज: तेल खत्म होने की अफवाह से पंपों पर मची भारी अफरातफरी, सिंदुरिया के दोनों पेट्रोल पंप खाली

बागापार/सिंदुरिया

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया और बागापार क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह ने गुरुवार को जमकर हंगामा मचाया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया और बागापार क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह ने गुरुवार को जमकर हंगामा मचाया। अफवाह फैलते ही बैजनाथपुर और सिंदुरिया स्थित पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।

भीड़ का आलम यह रहा कि सिंदुरिया स्थित दोनों पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो गया। वहीं, बैजनाथपुर पेट्रोल पंप पर भी पेट्रोल खत्म हो गया, हालांकि वहां केवल डीजल की बिक्री जारी रही। अचानक बढ़ी मांग के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। घंटों लाइन में लगने के बाद भी तेल न मिलने पर कई उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा।

क्षेत्र में इस संकट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। कुछ लोग इसे तेल की किल्लत की अफवाह मान रहे हैं, तो कुछ आपूर्ति में कमी को वजह बता रहे हैं। पैनिक बाइंग जरूरत से ज्यादा खरीदारी के चक्कर में लोग केन और बोतलों में भी तेल भरवाते नजर आए, जिससे संकट और गहरा गया।

पंप संचालकों का कहना है कि मांग में अचानक अप्रत्याशित बढ़ोतरी होने से यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल का ऑर्डर पहले ही भेजा जा चुका है और तेल के टैंकर रास्ते में हैं। संचालकों के अनुसार, गुरुवार तक स्टॉक पहुंचने के बाद आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

 

Voice Of News 24