डुमरियागंज: बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर साध्वी सरस्वती का ऐतिहासिक स्वागत, कल से गूंजेगा सनातन उद्घोष

सिद्धार्थनग

सिद्धार्थनगर जनपद के बढ़नी चाफा में 14 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले सनातन उद्घोष कथा महोत्सव का आगाज शुक्रवार को बेहद भव्यता के साथ हुआ। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के बढ़नी चाफा में 14 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले सनातन उद्घोष कथा महोत्सव का आगाज शुक्रवार को बेहद भव्यता के साथ हुआ। महोत्सव की मुख्य वक्ता, मध्य प्रदेश से पधारीं साध्वी सरस्वती जी का डुमरियागंज आगमन पर श्रद्धालुओं ने पलक-पांवड़े बिछाकर स्वागत किया। स्वागत समारोह का सबसे खास आकर्षण बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा रही, जिसने पूरे आयोजन को चर्चा का विषय बना दिया।

साध्वी सरस्वती का काफिला जैसे ही अमौना नगर पंचायत और भारतभारी क्षेत्र में दाखिल हुआ, समूचा इलाका ‘जय श्रीराम’ और शंखनाद के उद्घोष से गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते हुए युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के हुजूम ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने अनोखा तरीका अपनाते हुए बुलडोजर की बाल्टी में फूल भरकर ऊपर से साध्वी जी के काफिले पर फूलों की बारिश की।

पूर्व विधायक के नेतृत्व में निकली यात्रा

इस भव्य स्वागत यात्रा का नेतृत्व पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। यात्रा के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा सहित क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यात्रा अमौना से शुरू होकर मोतीगंज, सोनहटी, बैदौला चौराहा, मंदिर चौराहा, खीरा मंडी, तेली मोहल्ला और रोडवेज होते हुए भवानीगंज के रास्ते बढ़नी चाफा स्थित कथा स्थल पर संपन्न हुई। रास्ते भर व्यापारियों ने मंच बनाकर आरती उतारी और माल्यार्पण किया।

कथा स्थल पर चाक-चौबंद व्यवस्थाएं

आयोजन समिति ने बताया कि बढ़नी चाफा में कथा के लिए विशाल पंडाल तैयार किया गया है।

बैठने की व्यवस्था: हजारों लोगों के बैठने हेतु सुसज्जित पंडाल।

बुनियादी सुविधाएं: स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मोबाइल शौचालय।

सुरक्षा एवं पार्किंग: सुरक्षा के कड़े इंतजाम और दूर-दराज से आने वाले वाहनों के लिए पृथक पार्किंग स्थल।

 

Voice Of News 24