इटवा: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया दो दिवसीय कुश्ती दंगल का आगाज, हेलीकॉप्टर से पहुंचे मुख्य अतिथि

इटवा

सिद्धार्थनगर जनपद के नगर पंचायत इटवा में शुक्रवार को दो दिवसीय भव्य कुश्ती दंगल का शानदार शुभारंभ हुआ।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के नगर पंचायत इटवा में शुक्रवार को दो दिवसीय भव्य कुश्ती दंगल का शानदार शुभारंभ हुआ। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कार्यक्रम में हेलीकॉप्टर से शिरकत की। उनके पहुंचते ही समर्थकों और कुश्ती प्रेमियों ने गगनभेदी जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।

“जहाँ दंगल होते हैं, वहाँ दंगे नहीं होते”

युवाओं को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने स्वास्थ्य और अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द का प्रतीक है। मेरा अनुभव है कि जहाँ कुश्ती दंगल का आयोजन होता है, वहाँ दंगे और झगड़े नहीं होते।” उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

रोमांचक मुकाबलों से थमा दर्शकों का सांस

दंगल के पहले दिन देश के विभिन्न कोनों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए:

हरियाणा के मनोज पहलवान ने गाजीपुर के विशाल को शिकस्त दी।

दिल्ली के जितेंद्र ने गाजीपुर के सत्यपाल को धूल चटाई।

हरियाला के राजेश ने गाजीपुर के बृजेश को हराकर जीत दर्ज की।

पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलराम मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर संयोजक हरिशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, इटवा चेयरमैन विकास जायसवाल, बिस्कोहर चेयरमैन अजय गुप्ता, और भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही। दंगल के दूसरे दिन कल देश के कई अन्य ख्याति प्राप्त पहलवान अखाड़े में उतरेंगे।

 

Voice Of News 24