महराजगंज: वन्य जीव हमले में बच्ची की मौत के बाद घटनास्थल पहुंचे DM संतोष कुमार शर्मा , परिजनों को बंधाया ढांढस

महराजगंज

महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बढ़या (टोला गेठीहवा) में वन्य जीव के हमले में मासूम सैरून निशा की दर्दनाक मृत्यु के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बढ़या (टोला गेठीहवा) में वन्य जीव के हमले में मासूम सैरून निशा की दर्दनाक मृत्यु के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया। जिलाधिकारी ने मौके की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया और वन क्षेत्र की निकटता को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

मुआवजे और जल्द सहायता का भरोसा जिलाधिकारी ने मृतका के पिता आबीद अली और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि और अन्य सहायता नियमानुसार जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस प्रकरण में कागजी कार्रवाई में किसी भी स्तर पर देरी न हो।

सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने वन, राजस्व और स्थानीय प्रशासन को संयुक्त रूप से गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और रात के समय प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अकेले वन क्षेत्र की ओर न जाएं और किसी भी वन्य जीव की उपस्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन मानवीय संवेदनाओं के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और सुरक्षा उपायों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Voice Of News 24