जफराबाद

जौनपुर जनपद के जफराबाद क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक ग्राम जमैथा में आदि गंगा गोमती के पावन तट पर स्थित महर्षि यमदग्नि की तपोस्थली पर दीपावली के दूसरे दिन ‘यम द्वितीया’ (भैया दूज) के अवसर पर आयोजित पारंपरिक मेले में मंगलवार को श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के जफराबाद क्षेत्र अंतर्गत ऐतिहासिक ग्राम जमैथा में आदि गंगा गोमती के पावन तट पर स्थित महर्षि यमदग्नि की तपोस्थली पर दीपावली के दूसरे दिन ‘यम द्वितीया’ (भैया दूज) के अवसर पर आयोजित पारंपरिक मेले में मंगलवार को श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इस ऐतिहासिक मेले में केवल जौनपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जनपदों से हजारों की तादाद में श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित करने पहुंचे।
गोमती में लगाई आस्था की डुबकी, परमहंस समाधि पर टेका मत्था
मंगलवार भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दूर-दराज से आए महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम आदि गंगा गोमती के पवित्र जल में स्नान किया। इसके उपरांत भक्तों ने परमहंस जी महाराज की समाधि स्थल पर विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
कड़ाही चढ़ाकर मां अखंडो देवी को लगाया हलवा-पूड़ी का भोग
मेले के दौरान आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंची महिलाओं ने अपनी मन्नतें पूरी होने पर पारंपरिक रूप से कड़ाही चढ़ाई। महिलाओं ने मौके पर ही शुद्ध घी में ताजा हलवा-पूड़ी तैयार कर मां अखंड देवी (अखड़ो देवी) के चरणों में भोग अर्पित किया और प्रसाद का वितरण किया। पूरे परिसर में घंटों माता के जयकारे और भक्तिमय भजन गूंजते रहे।
जमकर हुई खरीदारी, बच्चों ने उठाया झूलों का आनंद
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में लगी दुकानों से जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन, पारंपरिक चूड़ियां, मिट्टी व धातु के बर्तन और गृहस्थी के आवश्यक सामान खरीदे। वहीं, बच्चों ने खिलौनों की दुकानों पर खरीदारी की और विभिन्न प्रकार के झूलों व चरखी का भरपूर लुत्फ उठाया। जलेबी, चाट और मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई।
आश्रम के महंत ने किया विशिष्टजनों का सम्मान, व्यवस्था में जुटे रहे समाजसेवी
मेले की सुचारु व्यवस्था और संतों-अतिथियों के सत्कार में समाजसेवी व पूर्व प्रमुख आशुतोष सिंह, हरेंद्र सिंह, गोलू सिंह और संजय शुक्ल सहित तमाम ग्रामीण व सेवादार तत्पर रहे। इस दौरान परमहंस आश्रम के महंत राजनदास जी महाराज ने मेले में पधारे विशिष्ट अतिथियों एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया।
मेले में लाखों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स और महिला पुलिसकर्मियों को मेला क्षेत्र व घाटों पर तैनात किया गया था। जफराबाद थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे स्वयं पुलिस बल के साथ लगातार मेला प्रांगण और नदी घाटों का चक्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी करते रहे, जिससे संपूर्ण मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
बुलंदशहर: खूनी संघर्ष में घायल कल्याण सिंह की मौत के बाद भड़का आक्रोश, परिजनों ने धरमपुर चौराहे पर शव रखकर लगाया जाम; बुलडोजर कार्रवाई की मांग https://t.co/MWzLm8p58f
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 10, 2026


















