मेरठ

देश को झकझोर देने वाले मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में बुधवार को इंसाफ की घड़ी आ गई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

देश को झकझोर देने वाले मेरठ जनपद के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज बुधवार को इंसाफ की घड़ी आ गई है। पति की बेरहमी से हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में सीमेंट से चिनने वाली पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला की सजा का एलान आज जिला अदालत द्वारा किया जाएगा। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत ने बीते 30 सितंबर को दोनों आरोपियों को हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश रचने का दोषी करार दिया था।
जन्मदिन मनाने लंदन से आया था सौरभ, मिला खौफनाक धोखा
मूल रूप से इंद्रानगर निवासी सौरभ राजपूत ने साल 2016 में ब्रह्मपुरी निवासी मुस्कान रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था। सौरभ बेहतर भविष्य और परिवार की खुशहाली के लिए लंदन में नौकरी करते थे, जबकि पत्नी मुस्कान मेरठ में किराए के मकान में रह रही थी। इसी दौरान मुस्कान की नजदीकियां अपने पुराने दोस्त साहिल शुक्ला से बढ़ीं और दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए।
सौरभ अपनी छह साल की मासूम बेटी पीहू और पत्नी मुस्कान का जन्मदिन मनाने के लिए 24 फरवरी 2025 को ही लंदन से मेरठ अपने घर आए थे। सौरभ को जरा भी इल्म नहीं था कि जिस परिवार के साथ खुशियां बांटने वह सात समंदर पार से आए हैं, वहीं उनके कत्ल की साजिश रची जा चुकी है।
कत्ल के बाद शव को ड्रम में सीमेंट से बंद कर चले गए थे हिमाचल
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 3 मार्च 2025 की रात मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर सौरभ की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए दोनों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं—सौरभ के शव के टुकड़े किए गए, उन्हें एक बड़े नीले प्लास्टिक के ड्रम में ठूंसकर भरा गया और बदबू व सबूत दबाने के लिए ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर उसे पक्का कर दिया गया।
इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बेखौफ होकर हिमाचल प्रदेश में छुट्टियां मनाने निकल गए थे। जब इस वीभत्स हत्याकांड का खुलासा हुआ, तो मेरठ से लेकर पूरे देश में सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था और आरोपियों को फांसी देने की मांग उठी थी।
अदालत के फैसले पर टिकी निगाहें
पुलिस ने मामले में त्वरित जांच करते हुए पुख्ता वैज्ञानिक साक्ष्य और गवाह अदालत में पेश किए थे। अदालत द्वारा दोनों को दोषी ठहराए जाने के बाद आज सजा के बिंदु पर अंतिम फैसला सुनाया जाना है। पीड़ित परिवार और समाज की निगाहें अदालत पर टिकी हैं, जहां सरकारी वकील द्वारा इस जघन्य कृत्य को दुर्लभ से दुर्लभतम मानते हुए दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की जा रही है।
ब्रेकिंग न्यूज़: बिहार के वैशाली में भीषण नाव हादसा, गंगा नदी में नाव पलटने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत https://t.co/E4OhIc2HJN
— Voice of News 24 (@VOfnews24) October 13, 2026













