बलिया
बलिया जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ा रुख अपनाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर क्षेत्र तथा महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्य में धीमी प्रगति और लापरवाही पर अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कटहल नाले की धीमी प्रगति पर नाराजगी, एनएच-31 की गंदगी पर भड़के डीएम
निरीक्षण की शुरुआत में जिलाधिकारी परमानंदापुर में निर्माणाधीन कटहल नाले पर पहुंचे। वहां काम की कछुआ चाल और लापरवाही देखकर उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्ता के साथ तय समय में काम पूरा करने की हिदायत दी।
इसके बाद माल्देपुर पहुंचे जिलाधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) के बीचों-बीच उगी लंबी घास और सड़क किनारे फैली झाड़ियों व गंदगी को देखकर भड़क गए। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर हाईवे को दुरुस्त और व्यवस्थित करने के कड़े निर्देश दिए।
मेडिकल बाईपास: जल्द शुरू हो मार्किंग और अतिक्रमण हटाने का काम
मेडिकल बाईपास रोड का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाईपास का मार्किंग कार्य बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि
माल्देपुर से निर्माण कार्य प्रारंभ करते हुए सबसे पहले सड़क की चौड़ाई का चिन्हांकन किया जाए।
मार्ग में आने वाले सभी अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए।
जहां मिट्टी की कटाई और नाली का निर्माण होना है, वहां तुरंत काम शुरू कराया जाए।
बाढ़ शरणालय के पिलर और सरिये की जांची गुणवत्ता
महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने तकनीकी पहलुओं को बारीकी से परखा। उन्होंने शरणालय की ऊंचाई और निर्माण में इस्तेमाल हो रहे सरिये की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाउंड्रीवॉल का काम जल्द पूरा करें और आवश्यकतानुसार तत्काल पिलर डालकर इसे मजबूती दें।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य पूरी मजबूती और निर्धारित मानकों के तहत ही होने चाहिए। यदि किसी भी परियोजना में लेटलतीफी या घटिया निर्माण मिला, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे प्रशासनिक अधिकारी
इस हाई-प्रोफाइल औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (एक्सियन), आपदा प्रबंधन विभाग से पीयूष सिंह सहित अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बुलन्दशहर जनपद के ऐतिहासिक कस्बा अनूपशहर में इन दिनों प्रतिबंधित और अवैध मिट्टी खनन का काला धंधा पूरी रफ्तार से फल-फूल रहा है। क्षेत्र में मिट्टी चोरों का बोलबाला इस कदर बढ़ चुका है कि उन्हें न तो कानून का डर है और न ही खाकी का खौफ। pic.twitter.com/YSj9aaWy0c
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 11, 2026













