बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर के सरस्वती विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज, शिकारपुर द्वारा बालिका शिक्षा एवं सरस्वती यात्रा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिकारपुर में सेवा, सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराना, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा सेवा और मानवता के संस्कारों को व्यावहारिक रूप से सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शैक्षिक भ्रमण किया तथा डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों को निकट से देखा और समझा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 8 की छात्रा आरवी रहीं, जिन्होंने डॉक्टर की भूमिका का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। वहीं भावना, वर्षा, छाया, शिप्रा, कनक, निशा एवं अल्शिफा ने नर्स की भूमिका निभाकर मरीजों की सेवा, देखभाल और समर्पण की भावना को सजीव रूप से प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद किया, उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली तथा डॉ. आशीष कुमार शर्मा से विभिन्न प्रश्न पूछकर उनके अनुभव जाने। डॉ. आशीष कुमार ने सभी जिज्ञासु छात्राओं के सवालों का जवाब देकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही मरीजों को फल, बिस्किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
मरीजों और उनके परिजनों ने छात्राओं के इस सेवा-भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सकारात्मक फीडबैक ने छात्राओं का उत्साह और बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अनिल कुमार मित्तल, प्राचार्या निशा गुप्ता तथा कॉर्डिनेटर निधि गुप्ता भी उपस्थित रहीं और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं को व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी विशेष सहयोग रहा। सभी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने पूरे कार्यक्रम का सफल एवं अनुशासित संचालन किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर के चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों का सहयोग एवं स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया। यह आयोजन बालिका शिक्षा, सेवा, संस्कार और मानवता के मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।












