महराजगंज: करौता के लाल शिवम पटेल का विश्व रिकॉर्ड अभियान जारी, कारगिल से ‘मिग-ला टॉप’ की ओर बढ़े कदम

महराजगंज

महराजगंज जनपद के ग्राम करौता निवासी युवा साइक्लिस्ट शिवम पटेल अपने साहस, राष्ट्रभक्ति और दृढ़ संकल्प से इतिहास रचने की ओर अग्रसर हैं। विश्व रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से उन्होंने बीते 27 अप्रैल  को अपने पैतृक गांव से कारगिल तक की साइकिल यात्रा शुरू की थी, जो अब अपने दूसरे और सबसे चुनौतीपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुकी है।

शिवम पटेल (पुत्र श्री राम आशीष पटेल एवं श्रीमती किरण पटेल) ने करौता से यात्रा प्रारंभ कर महराजगंज, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर होते हुए कारगिल तक 3,150 किलोमीटर की कठिन दूरी सफलतापूर्वक तय की है। बीच में स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें 25 दिन विश्राम करना पड़ा और दर्शनीय स्थलों के लिए 9 दिन का विराम लिया, लेकिन वास्तविक रूप से उन्होंने महज 35 से 36 दिनों की पैडलिंग में यह मुकाम हासिल किया।

अब 19,400 फीट ऊंचे ‘मिग-ला टॉप’ पर फहराएंगे तिरंगा

शिवम पटेल कल यानी 8 जुलाई 2026 की सुबह कारगिल से विश्व के सबसे ऊँचे मोटरेबल दर्रों में शामिल मिग-ला टॉप (लगभग 19,400 फीट) के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका लक्ष्य अगले 7 से 8 दिनों में इस दुर्गम पर्वतीय मार्ग को पार कर वहां तिरंगा फहराना है। शिवम का कहना है कि विश्व रिकॉर्ड बनने पर वह इसे देश के अमर शहीदों को समर्पित करेंगे।

दे रहे हैं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिवम ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कभी सबसे ठंडे क्षेत्रों में शुमार ‘द्रास’ के तापमान में भी अब वृद्धि देखी जा रही है, जो ग्लोबल वार्मिंग का गंभीर संकेत है।

बता दें कि शिवम इससे पहले भी साइकिल से काला पत्थर (माउंट एवरेस्ट बेस) फतह कर चुके हैं और भारत के लगभग सभी राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे महराजगंज जिले के लोग उनकी सफलता और सुरक्षित यात्रा की कामना कर रहे हैं।

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.