सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर उसका बाजार थाना क्षेत्र के भठिया गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक युवक की पहचान भठिया (टोला सेमराहना) गांव निवासी ध्रुव यादव (पुत्र हरिराम) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक कुछ दिन पहले ही मुंबई से कमाकर अपने घर लौटा था। भठिया गांव के पास ही सीवान में उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की मां ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताया है। मां का कहना है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही उसका बाजार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













