सफलतापूर्वक संपन्न हो भारत की जनगणना 2027,जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने बर्डपुर में मकानों की गणना का किया औचक निरीक्षण

सिद्धार्थनगर

भारत की आगामी ‘जनगणना 2027 के प्रथम चरण को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

भारत की आगामी ‘जनगणना 2027 के प्रथम चरण को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में शुक्रवार को सिद्धार्थनगर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने विकास खंड नौगढ़ के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-14 का धरातलीय दौरा किया। जिलाधिकारी ने यहां चल रहे मकानों के सुचीकरण और गणना कार्य का बारीकी से निरीक्षण करते हुए प्रगति की समीक्षा की।

अभिलेखों और कर्मचारियों की उपस्थिति की गहन जांच

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर तैनात प्रगणकों (कर्मचारियों) से बातचीत की और गणना कार्य की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने जनगणना प्रपत्रों के संधारण, सरकारी अभिलेखों की अद्यतन स्थिति, कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति और कार्य की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि इस राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंकड़ों की शुद्धता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि यही आंकड़े भविष्य की दिशा तय करते हैं।

जनगणना ही विकास कार्यों की असली आधारशिला: डीएम

मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने कहा जनगणना केवल कागजी आंकड़ों का संकलन मात्र नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश के विकास की मजबूत आधारशिला है। सरकार आगामी वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार, पेयजल और विद्युत जैसी तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तैयार करती है।

उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे हर हाल में घर-घर जाएं, गंभीरता से जानकारी जुटाएं और यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र का एक भी मकान या परिवार इस गणना से छूटने न पाए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से की सहयोग की अपील

डीएम ने आम जनता और जनपदवासियों से भी भावुक अपील करते हुए कहा कि जब भी गणनाकर्मी उनके घर पहुंचें, तो उन्हें अपने परिवार की बिल्कुल सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और ईमानदारी से दिए गए विवरण के बूते ही ‘भारत की जनगणना 2027’ के इस महाअभियान को सफलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे आला अधिकारी

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौगढ़ राहुल सिंह, नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव सहित ब्लॉक और तहसील स्तर के तमाम संबंधित अधिकारी, सुपरवाइजर और प्रगणक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24