लखनऊ: 14 साल से अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार; डॉक्टर बन कर रहा था इलाज, फर्जी भारतीय पासपोर्ट व दस्तावेज बरामद

लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 14 वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 14 वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी न केवल अपनी पहचान छिपाकर भारत में रह रहा था, बल्कि उसने भारतीय तंत्र में सेंध लगाकर फर्जी दस्तावेज और भारतीय पासपोर्ट तक बनवा लिया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान अरुप बख्शी के रूप में की है। खुफिया सूचना के आधार पर हुई इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है।

साल 2012 में नेपाल के रास्ते की थी भारत में एंट्री

सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि बांग्लादेशी नागरिक अरुप बख्शी साल 2012 में नेपाल के रास्ते अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुआ था। भारत में घुसपैठ करने के बाद उसने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले को अपना पहला ठिकाना बनाया। वहां उसने स्थानीय स्तर पर साठगांठ कर अपने फर्जी भारतीय दस्तावेज, जिनमें वोटर आईडी कार्ड (मतदाता पहचान पत्र) और अन्य स्थानीय पहचान पत्र शामिल हैं, तैयार करवा लिए।

बीकेटी में खरीदी जमीन, ‘फर्जी डॉक्टर’ बन लोगों की सेहत से कर रहा था खिलवाड़

इन फर्जी भारतीय दस्तावेजों को ढाल बनाकर अरुप बख्शी लखनऊ के बख्शी का तालाब इलाके में आकर रहने लगा। भारतीय नागरिक के रूप में खुद को स्थापित करने के बाद उसने बीकेटी क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन की खरीद-फरोख्त भी की।

इतना ही नहीं, उसने क्षेत्र में अपना एक निजी क्लीनिक भी खोल लिया था। वह खुद को एक कुशल डॉक्टर बताकर पिछले लंबे समय से स्थानीय भोले-भाले लोगों का इलाज कर रहा था और उनकी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा था। किसी को भनक तक नहीं थी कि जो शख्स उनका इलाज कर रहा है, वह वास्तव में एक विदेशी घुसपैठिया है।

पासपोर्ट सहित सभी फर्जी कागजात जब्त, विदेशी अधिनियम में केस दर्ज

खुफिया तंत्र को बीकेटी क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक के संदिग्ध रूप से रहने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी अरुप बख्शी को धर दबोचा। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध रूप से तैयार कराया गया असली ‘भारतीय पासपोर्ट’ और कई कूटरचित पहचान पत्र बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विदेशी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी व जालसाजी से जुड़ी कई गंभीर और सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही हैं कि सीतापुर और लखनऊ में किन-किन लोगों और अधिकारियों ने इसके फर्जी दस्तावेज व पासपोर्ट बनवाने में मदद की थी।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.