बलिया: मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदलीं, गंगा में डूबने से 4 की मौत; रील बनाना पड़ा भारी

बलिया

बलिया जनपद के तहसील सदर के शिवरामपुर संगम घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के दौरान गंगा स्नान करते समय चार किशोर-किशोरियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के तहसील सदर के शिवरामपुर संगम घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के दौरान गंगा स्नान करते समय चार किशोर-किशोरियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

रील और सेल्फी के चक्कर में हुआ हादसा

जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 08:30 बजे उस समय हुआ जब मुंडन संस्कार (ओहार) के लिए आए श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक-युवतियां मोबाइल से सेल्फी और रील बना रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में चले गए।

मृतकों की पहचान:
कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने चारों शवों को बरामद कर लिया है। मृतकों में शामिल हैं:

हर्षिता चौहान (17 वर्ष) व नंदिता चौहान (12 वर्ष) — निवासी रामपुर भोज, बलिया।

अरुण चौहान (20 वर्ष) — निवासी कल्याणीपुर, बलिया।

अर्जुन चौहान (21 वर्ष) — निवासी महेशपुर, गाजीपुर।

दो बालिकाओं को सुरक्षित बचाया गया

चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने तत्परता दिखाई और अर्पिता व साधना नाम की दो बालिकाओं को डूबने से बचा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया है।

प्रशासनिक मुस्तैदी और आर्थिक सहायता

घटनास्थल पर एडीएम अनिल कुमार, पीयूष सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए घाटों पर सुरक्षा और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Voice Of News 24