सिद्धार्थनगर: आगामी त्यौहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, जोगिया उदयपुर में पैदल गश्त और दंगा नियंत्रण ड्रिल

जोगिया

सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी त्यौहारों भीमराव अम्बेडकर जयंती, चन्द्रशेखर जयंती और परशुराम जयंती को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में आगामी त्यौहारों भीमराव अम्बेडकर जयंती, चन्द्रशेखर जयंती और परशुराम जयंती को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशानुसार आज रविवार को जोगिया उदयपुर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए व्यापक पैदल गश्त और सुरक्षा अभ्यास किया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी अवधेश यादव ने पुलिस टीम के साथ कस्बा जोगिया, करौदा मसिना सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस गश्त का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना है।

सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया। गश्त के दौरान ड्रोन के माध्यम से छतों और गलियों की निगरानी की गई ताकि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, ड्रोन निगरानी के दौरान फिलहाल कोई भी संदिग्ध वस्तु संज्ञान में नहीं आई है।

पैदल मार्च के दौरान पुलिस बल ने दंगा नियंत्रण ड्रिल का भी अभ्यास किया, जिससे किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए टीम की तैयारियों को परखा गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई।

थाना प्रभारी अवधेश यादव ने पैदल गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और उन्हें जनसुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने अपील की कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। इस दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

 

Voice Of News 24