बलिया: डीएम की सीधी निगरानी में ‘LED स्क्रीन’ पर हुआ आंगनबाड़ी सहायिकाओं का चयन, पारदर्शिता की मिसाल पेश

बलिया

बलिया जनपद के सरकारी नियुक्तियों को लेकर चल रहे शुचिता के दावों को आज धरातल पर देखा गया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के सरकारी नियुक्तियों को लेकर चल रहे शुचिता के दावों को आज धरातल पर देखा गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह ‘डिजिटल और पारदर्शी’ ढंग से संपन्न हुई। शासन की मंशा के अनुरूप, पूरी प्रक्रिया को विशाल एलईडी स्क्रीन पर लाइव दिखाया गया ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की गुंजाइश न रहे।

73 अभ्यर्थियों के चेहरे पर खिली मुस्कान

चयन प्रक्रिया के दौरान विकासखंड सोहाव से 62 और बलिया शहर से 11 अभ्यर्थियों का चयन आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर किया गया। कुल 73 पदों पर हुई इस पारदर्शी भर्ती ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। जिलाधिकारी ने स्वयं अभ्यर्थियों से संवाद कर चयन प्रक्रिया पर उनके सुझाव और फीडबैक भी लिए।

तकनीक के जरिए निष्पक्षता पर जोर

डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार मुक्त और निष्पक्ष चयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एलईडी स्क्रीन पर पूरी प्रक्रिया का सजीव प्रसारण यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया कि मेरिट और नियमों का पूर्णतः पालन हो रहा है। पूरी भर्ती प्रक्रिया अत्यंत शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी CDO ओजस्वी राज, जिला कार्यक्रम अधिकारी के.एम. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आनन्द प्रकाश, डीसी मनरेगा रिचा वर्मा सहित बाल विकास परियोजना के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Voice Of News 24