महराजगंज: नाली विवाद में दुधमुंही बच्ची की मौत, शव लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे परिजन

महराजगंज

महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा गांव में नाली निर्माण को लेकर हुआ विवाद एक मासूम की जान पर बन आया। दो पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा गांव में नाली निर्माण को लेकर हुआ विवाद एक मासूम की जान पर बन आया। दो वर्षीय बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजन सोमवार को उसका शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

परिजनों के गंभीर आरोप

पीड़ित महिला का आरोप है कि 2 फरवरी को नाली विवाद के दौरान करीब आधा दर्जन लोग उसके घर में घुस आए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला की गोद से उसकी दुधमुंही बच्ची को छीनकर खेत में फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान अस्पताल में बच्ची ने दम तोड़ दिया।

पुलिस का पक्ष और जांच

दूसरी ओर, चौक थाना प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है और महिला व उसकी जेठानी पर पहले से ही एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बच्ची पहले से पैरालाइज्ड (लकवाग्रस्त) बताई जा रही थी और उसके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News24