मऊ: विवाहित की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप तो पिता ने कहा आत्महत्या

मऊ

मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव में सोमवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने गंभीर विवाद का रूप ले लिया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव में सोमवार को एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने गंभीर विवाद का रूप ले लिया है। मृतक चंद्रप्रकाश यादव उर्फ पिंटू की मौत के बाद जहां पत्नी ने ससुराल पक्ष पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है, वहीं पिता ने इसे पारिवारिक तनाव के कारण की गई आत्महत्या करार दिया है।

बेटियां होने पर प्रताड़ना का आरोप मृतक की पत्नी प्रियंका यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी 2013 में हुई थी और उनकी तीन बेटियां हैं। प्रियंका का आरोप है कि बेटियां होने के कारण ससुराल वाले उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिसके चलते वह मायके रह रही थीं। उनका दावा है कि ससुराल वालों ने पति की ‘हार्ट अटैक’ से मौत की झूठी सूचना दी और जब वह पहुंचीं तो शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी। उन्होंने सास, ससुर और जेठ-जेठानी पर हत्या का केस दर्ज कराया है।

पिता ने बताया बहू का दबाव दूसरी ओर, मृतक के पिता राम अवध ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पत्नी प्रियंका द्वारा पूर्व में किए गए अदालती केस और पारिवारिक कलह से तंग आकर चंद्रप्रकाश ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

थानाध्यक्ष संजय सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर मिल चुकी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

 

Voice Of News 24