धनघटा
संतकबीरनगर जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संतकबीरनगर जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत के आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाग में ले जाकर मासूम से की थी दरिंदगी
घटना रविवार शाम की है, जब बभनौली निवासी सत्येंद्र पुत्र राम दरस ने गांव में खेल रही सात साल की मासूम को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। आरोपी बच्ची को करीब दो किलोमीटर दूर रजनौली गांव के एक सुनसान बाग में ले गया और वहां उसके साथ अमानवीय दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वहां खेल रहे कुछ बच्चों की सजगता और शोर मचाने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया था।
तड़के सियरकला गांव के पास हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सियरकला गांव के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी सत्येंद्र ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
असलहा बरामद, बच्ची का कराया गया मेडिकल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को तुरंत खलीलाबाद जिला अस्पताल ले जाया गया। धनघटा थाना प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और परिजनों की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी का बयान: “न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता”
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि इस जघन्य अपराध के आरोपी को कानून के दायरे में कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने जनता के बीच विश्वास बहाल करने की कोशिश की है।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 23 दिसम्बर का दिन क्यों है खासhttps://t.co/BppZh8KbqU
— Voice of News 24 (@VOfnews24) December 23, 2025





















