लखनऊ:त्योहारों से पहले सीएम योगी का एक्शन, सुरक्षा-व्यवस्था और स्वच्छता के दिए निर्देश

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी शारदीय नवरात्रि, दीपावली और छठ पूजा सहित सभी त्योहारों के सुरक्षित आयोजन के लिए आज शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी शारदीय नवरात्रि, दीपावली और छठ पूजा सहित सभी त्योहारों के सुरक्षित आयोजन के लिए आज शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में उन्होंने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आगामी ‘मिशन शक्ति 5.0’ के लिए तैयारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. यह अभियान 22 सितंबर से शुरू होगा, जो नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित रहेगा. इस अभियान के तहत 21 सितंबर को हर जिले में महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली निकाली जाएगी. साथ ही, सार्वजनिक स्थलों और स्कूलों में एंटी रोमियो स्क्वायड की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.

अच्छा काम करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को राज्य और जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा. महिला बीट अधिकारी ग्राम पंचायतों में जागरूकता फैलाएंगी और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी.

कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया पर निगरानी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्योहारों का समय संवेदनशील होता है. इसलिए, अराजक तत्वों, उपद्रवियों और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और फेक न्यूज़ फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए. किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान को तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा गया है.उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अपराधियों में भय बना रहना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आईजीआरएस, सम्पूर्ण समाधान दिवस और सीएम हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों का समय पर और संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाए .

 

Voice Of News 24