जौनपुर

जौनपुर जनपद में अन्नदाताओं को अपनी उपज बेचने और खेती के लिए समय पर खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को धान क्रय केंद्रों और सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया।
जौनपुर जनपद में अन्नदाताओं को अपनी उपज बेचने और खेती के लिए समय पर खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को धान क्रय केंद्रों और सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र तथा करंजाकला विकास खंड के कोठवार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) पहुंचकर खरीद और उर्वरक वितरण की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल अभिलेखों की बारीकी से जांच की, बल्कि रजिस्टर में दर्ज किसानों को खुद फोन लगाकर व्यवस्थाओं का सीधा फीडबैक भी लिया।
नवीन मंडी में गंदगी देख जताई नाराजगी, किसानों से की बात
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पहुंचे जिलाधिकारी ने खरीद से जुड़े रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। क्रॉस-चेकिंग के लिए उन्होंने रजिस्टर में दर्ज किसानों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर धान बिक्री की तैयारियों के बारे में पूछा। इस पर किसानों ने जानकारी दी कि फिलहाल धान में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण वे अगले 10 से 15 दिनों के भीतर केंद्र पर अपनी उपज लेकर पहुंचेंगे। वहीं, मंडी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्वच्छता दुरुस्त कराने के कड़े निर्देश दिए।
कोठवार समिति में टोकन रजिस्टर और खाद के स्टॉक का लिया जायजा
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने करंजाकला ब्लॉक के कोठवार स्थित बी-पैक्स समिति का रुख किया। यहां उन्होंने धान क्रय केंद्र की कार्यप्रणाली, टोकन रजिस्टर और खाद वितरण प्रणाली की समीक्षा की। डीएम ने टोकन रजिस्टर में दर्ज किशुनपुर निवासी किसान राजदेव प्रजापति से फोन पर वार्ता कर उनकी समस्याओं और धान बेचने की तैयारियों का हाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने उर्वरक वितरण पंजिका और गोदाम में मौजूद खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि समिति को पूर्व में आवंटित डीएपी खाद का वितरण किया जा चुका है और वर्तमान में गोदाम में एनपीएस उर्वरक उपलब्ध है, जबकि किसानों की मांग के अनुरूप जल्द ही खाद की नई रैक प्राप्त होने वाली है।
पारदर्शिता और नियमित निगरानी के कड़े निर्देश
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने समिति सचिव और संबंधित अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि धान की खरीद शासन की नीति के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और केंद्रों पर किसानों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित रहें। उन्होंने सहकारी समितियों पर खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा किसानों को निर्धारित सरकारी मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराने की हिदायत दी। इसके साथ ही डीएम ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को जिले के समस्त क्रय केंद्रों और समितियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी किसान को परेशान न होना पड़े।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अफसरों के तबादले https://t.co/eK7E1tibbE
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 14, 2026


















